40 मौतें, 100 से ज्यादा घायल… नए साल पर स्विट्जरलैंड के बार में आखिर हुआ क्या ?

vivek dubey
3 Min Read
जश्न से चीखों तक: नए साल पर स्विट्जरलैंड के बार में ऐसा क्या हुआ कि 40 लोगों की जान चली गई (image: france24)

switzerland blast  : नए साल के मौके पर मातम, स्विट्जरलैंड बार ब्लास्ट में 40 की मौत

नए साल की शुरुआत जहां दुनिया भर में जश्न और खुशियों के साथ हो रही थी, वहीं स्विट्जरलैंड से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। दक्षिण-पश्चिमी स्विट्जरलैंड के वालिस कैंटन में स्थित मशहूर स्की रिसॉर्ट शहर क्रान्स-मोंटाना में नए साल के जश्न के दौरान एक बार में हुए भीषण धमाके ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

switzerland blast
image: France 24

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार…इस हादसे में कम से कम 40 लोगों की जान चली गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे कॉन्स्टेलेशन बार में हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग नए साल का स्वागत करने के लिए जमा थे।

धमाके के बाद बार में भीषण आग लग गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आग की लपटें और अफरा-तफरी का माहौल साफ देखा जा सकता है। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

आतंकी हमले की आशंका पर पुलिस का बयान

घटना के बाद आतंकी हमले की आशंका को लेकर कई सवाल उठे, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी भी आतंकी साजिश से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि आग और धमाके के कारणों की जांच अभी शुरुआती चरण में है और किसी ठोस नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

पर्यटकों से भरा था इलाका

वालिस कैंटन पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार, यह बार पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। हादसे के वक्त यहां मौजूद लोगों में से बड़ी संख्या विदेशी और घरेलू पर्यटकों की बताई जा रही है, जो छुट्टियों के मौसम में क्रान्स-मोंटाना आए थे। यह इलाका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर स्की डेस्टिनेशन माना जाता है।

सरकार ने जताया गहरा शोक

स्विट्जरलैंड सरकार में संघीय आर्थिक मामलों और शिक्षा विभाग के प्रमुख गाय पार्मेलिन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा,“जो पल खुशी और जश्न का होना चाहिए था, वह साल के पहले दिन एक ऐसी त्रासदी में बदल गया जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। संघीय परिषद इस भयावह हादसे से बेहद आहत है।”।

switzerland blast
image: x

नो-फ्लाई जोन घोषित

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहत और जांच कार्यों को देखते हुए प्रशासन ने क्रान्स-मोंटाना इलाके के ऊपर अस्थायी नो-फ्लाई जोन भी घोषित कर दिया है। जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

पुलिस ने प्रभावित लोगों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है और आगे की जानकारी आधिकारिक अपडेट के साथ साझा करने की बात कही है।

Disclaimer:
यह खबर विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारियों पर आधारित है। घटना से जुड़ी जानकारी में जांच के दौरान बदलाव संभव है।

Share This Article
Follow:
Vivek Kumar Dubey एक स्वतंत्र डिजिटल पत्रकार और कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पिछले 5 वर्षों से ब्लॉगिंग और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। जो लोकल न्यूज से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक पर लेखन करते हैं। ताज़ा खबरों, खेल और मनोरंजन जगत की ट्रेंडिंग स्टोरीज़ पर लगातार लेखन करते आ रहे हैं। डिजिटल मीडिया में उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग और न्यूज़ एनालिसिस का अनुभव है। उनका फोकस पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचाना है।
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *