Vaishnavi Sharma on Virat Kohli: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा खिलाड़ी वैष्णवी शर्मा अपने इंटरनेशनल डेब्यू के बाद से लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ अब उनका एक बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली की खुलकर तारीफ की है।
हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में जब वैष्णवी शर्मा से पूछा गया कि उन्हें दुनिया का सबसे अच्छा दिखने वाला क्रिकेटर कौन लगता है, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के विराट कोहली का नाम लिया। इसके बाद उन्होंने जो कहा, उसने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया।
‘विराट कोहली में अलग ही चार्म है’
वायरल वीडियो में वैष्णवी शर्मा कहती नजर आ रही हैं,
विराट कोहली… बिल्कुल। आप देखो ना, हर चीज में उनका अलग ही चार्म है। रिकॉर्ड्स हों, कप्तानी का अनुभव हो, फिटनेस हो, फील्डिंग हो—हर चीज में वो बेहतरीन हैं। अच्छे इंसान हैं, दिखने में अच्छे हैं, चेहरा अच्छा है… फिर और क्या चाहिए?”
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर रिएक्शन दिए। कई लोगों ने वैष्णवी की सादगी और ईमानदार जवाब की तारीफ की, तो वहीं कुछ यूजर्स ने विराट कोहली को “ऑल टाइम फेवरेट” बताते हुए उनके समर्थन में कमेंट किए।
डेब्यू सीरीज में दिखाया दम
वैष्णवी शर्मा ने हाल ही में भारतीय महिला टीम के लिए श्रीलंका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। इस सीरीज में उन्होंने 5 मैचों में कुल 5 विकेट झटके। भले ही पहले मैच में उन्हें विकेट नहीं मिला, लेकिन उनकी इकॉनमी रेट (6.26) काफी किफायती रही।
दूसरे और चौथे मैच में उन्होंने 2-2 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जबकि आखिरी मुकाबले में भी एक विकेट उनके नाम रहा। इसी प्रदर्शन के बाद से वैष्णवी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
ग्वालियर से टीम इंडिया तक का सफर
वैष्णवी शर्मा का जन्म 18 दिसंबर 2005 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। महज 20 साल की उम्र में उन्होंने भारतीय महिला टीम में जगह बनाकर अपने सपनों को सच कर दिखाया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, वैष्णवी के पिता ज्योतिषी हैं और उन्होंने ही चार साल की उम्र में अपनी बेटी को पास के मैदान में क्रिकेट से परिचित कराया। तभी से वैष्णवी का क्रिकेट के प्रति लगाव बढ़ता गया, जो आज उन्हें इंटरनेशनल लेवल तक ले आया है।